बहराइच। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व शुक्रवार को जिलेभर में आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया। आधुनिकता और परंपरा के संगम के बीच जिला मुख्यालय से लेकर कस्बाई इलाकों तक मंदिरों, थानों, पुलिस लाइन और घरों में भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकियां सजाई गईं। देर रात तक भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का दौर चलता रहा। मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण का जन्म होते ही मंदिर और आयोजन स्थल जयकारों से गूंज उठे।
पुलिस लाइन परिसर में एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव एवं उनकी धर्मपत्नी ने दीप प्रज्ज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया। पुलिस मॉडर्न स्कूल के बच्चों, मेट्रो डांस अकादमी, पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
परिसर स्थित मंदिर में विधि-विधान से भगवान श्रीकृष्ण का जन्म कराया गया। पूरे पुलिस लाइन परिसर को बिजली की झालरों से आकर्षक ढंग से सजाया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक अनुपमा जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि करनवीर सिंह समेत पुलिस अधिकारी और उनके परिवारजन मौजूद रहे।
शहर के राणी सती मंदिर में भजन संध्या के साथ केक काटकर जन्माष्टमी मनाई गई। श्री सिद्धनाथ मंदिर, छोटी बाजार के बाबा नागेश्वर मंदिर, सखैयापुरा के मनकामेश्वर मंदिर, मां संहारिणी मंदिर और मरीमाता मंदिर समेत विभिन्न मंदिरों और घरों में झांकियां सजाई गईं। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर भगवान के जन्मोत्सव में भाग लिया।
हुजूरपुर प्रतिनिधि के अनुसार, क्षेत्र में घरों और मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण की झांकियां सजाई गईं। थाना परिसर हुजूरपुर में आकर्षक पंडाल सजाकर कार्यक्रम हुआ। भगवान के जन्म के बाद प्रसाद वितरित किया गया। भंगहा, बौंवा, बसंतपुर भग्गड़वा, सहसलमपुर, लौकाही और सिरौला समेत कई स्थानों पर भी भजन-कीर्तन और जन्माष्टमी कार्यक्रम आयोजित किए गए।
देवलखा प्रतिनिधि के अनुसार, कैसरगंज क्षेत्र के गांवों में जन्माष्टमी पर श्रद्धालुओं ने उपवास रखकर शाम से पूजा-अर्चना शुरू की और प्रसाद वितरित किया गया। देवलखा, कुडौनी, विजयपुर, पुरैनी, बदरौली, कड़सर, भकला, सिदरखी, भखरौली, मुंगेशपुर और कनपुरवा समेत कई गांवों में उत्सव का माहौल रहा। भजन संध्या व मटकी फोड़ कार्यक्रम आयोजित हुए।
नवाबगंज थाना परिसर को रंग-बिरंगी झालरों से सजाया गया। कीर्तन और भजन के साथ राधा-कृष्ण की झांकियां सजाई गईं। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने भगवान श्रीकृष्ण का पूजन-अर्चन किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य संदीप जायसवाल, बेचेलाल जायसवाल, रिंकू सिंह, पिंटू गुप्ता, बलवंत सिंह, विशाल सिंह, एसआई मुन्ना सिंह, एसआई चंद्रिका, अंकित राणा, अशफाक अहमद व असद खान समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
रिसिया नगर के इंदिरा नगर स्थित हनुमान मंदिर, ऋषि भूमि के शिव मंदिर, नानकपुरा के पंचवटी सीताराम आश्रम स्थित शिव मंदिर, शास्त्री नगर के श्याम बाबा मंदिर, सरस्वती नगर स्थित चरसिया बाबा कुटी, राजेंद्र नगर के झंझटी कुआं, गायत्री नगर के शिव मंदिर और रिसिया थाने में भव्य झांकियां सजाई गईं।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बाद भगवान श्रीकृष्ण का जन्म कराया गया। प्रमुख प्रतिनिधि संजय जायसवाल, सरोज कुमार सिंह, रण विजय सिंह, करनवीर सिंह, मदन गोपाल यज्ञ सैनी, प्रेम गोयल, संजय चिरानिया, महेश अग्रवाल, वसीम शेरवानी, दिलशाद अहमद समेत अन्य लोग मौजूद रहे। थाना प्रभारी करुणाकर पांडेय दल-बल के साथ मुस्तैद रहे।