बहराइच। जिले के 21 कंटेनमेंट जोन को जिला प्रशासन ने ग्रीन जोन घोषित कर दिया है। इन इलाकों से बैरिकेडिंग आदि को हटा दिया गया है, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली है।
कोरोना संक्रमित मरीज मिलने पर तहसील नानपारा अंतर्गत थाना कोतवाली नानपारा के मोहल्ला पुरानी बाजार, घसियारन टोला, हसनगंज, किला, कसगर टोला, ग्राम भटेटा, थाना रुपईडीहा अंतर्गत माल गोदाम, थाना नवाबगंज के ग्राम केवलपुर, थाना खैरीघाट के ग्राम लौकिहा व ललईपुरवा, थाना मटेरा के ग्राम महरू, तहसील मोतीपुर के थाना मोतीपुर के ग्राम लालपुर चंदाझार को हॉटस्पॉट व कंटेनमेंट जोन बनाया गया था।
इसी प्रकार तहसील सदर बहराइच के थाना रिसिया के ग्राम सिसई सलोन व मोहम्मदपुर, कोतवाली नगर के मोहल्ला शखैय्यापुरा, नगर पंचायत रिसिया के मोहल्ला इंदिरा नगर, थाना रामगांव के ग्राम कौव्वा कोडरी, तहसील पयागपुर के थाना विशेश्वरगंज अंतर्गत ग्राम भिट्ठी व साधुपुरवा, तहसील व थाना कैसरगंज के ग्राम बुढ़ानपुर तथा तहसील महसी के थाना खैरीघाट के ग्राम बेहड़ा में कोविड-19 के संक्रमित व्यक्ति पाये जाने के बाद इन्हें हॉटस्पॉट व कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया था।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेश सिंह की संस्तुति के आधार पर शासन के नियमों के तहत 14 दिनों से इस क्षेत्र में कोई पॉजिटिव मरीज के नहीं मिलने पर प्रभारी जिलाधिकारी कविता मीना ने हॉटस्पॉट व कंटेनमेंट जोन को तत्काल प्रभाव से समाप्त कर ग्रीन जोन घोषित कर दिया है।