रिसियामोड़ (बहराइच)। थाना क्षेत्र के थनईपुरवा गांव में दहेज में बाइक और भैंस न मिलने पर विवाहिता को मारकर उसका शव फंदे से लटका कर ससुरालीजन फरार हो गए। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने विवाहिता के पिता की तहरीर पर पति समेत तीन लोगों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
रिसिया थाना क्षेत्र के बरगदिहा गांव निवासी लच्छीराम ने अपनी बेटी शीला (22) का विवाह चार साल पहले इसी थाना क्षेत्र के थनईपुरवा गांव निवासी संतोष कुमार के बेटे प्रेम कुमार से किया था। शीला के पिता ने बताया कि शादी के बाद से बेटी के ससुरालीजन दहेज में बाइक और भैंस की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर ताने देने के साथ ही वह शीला को मारते-पीटते थे। बीती रात ससुरालियों ने उनकी बेटी को मारकर शव फंदे से लटका दिया, जिससे लोग यह जानें कि उसने आत्महत्या की है।
पिता ने बताया कि बेटी की हत्या के बाद शव को लटका कर ससुरालीजन फरार हो गए। आसपास के लोगों की सूचना पर उन्हें जानकारी हुई। रिसिया थानाध्यक्ष बृजराज प्रसाद ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। विवाहिता के पिता की तहरीर पर पति, सास व ससुर के खिलाफ दहेज हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।