सेनानी भवन सभागार में बहराइच विकास मंच की ओर से शहीद चंद्रशेखर आजाद की 109वीं जयंती मनाई गई। इसमें भ्रष्टाचार के खिलाफ युवाओं को संगठित होने का आह्वान किया गया।
खुटेहना के फरदा सुमेरपुर में ब्लॉक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक औैर चंद्रशेखर आजाद की जयंती पर उन्हें याद कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
सेनानी भवन सभागार में आयोजित जयंती समारोह में मंच के अध्यक्ष राजेश त्रिपाठी ने कहा कि आजाद आक्रामक तेवर के साथ देशप्रेम की भावना के साथ अंग्रेजों से टक्कर लेते थे।
वह युवा क्रांतिकारियों के अगुवा थे, जिसके कारण आज भी पूरे देश का युवा उनको आदर्श मानता है। अधिवक्ता अनिल त्रिपाठी ने कहा कि वर्तमान समय में देश में भ्रष्टाचार और कुशासन अपनी जड़ें गहरी कर चुका है।
ऐसे में आजाद के आदर्शों पर चलते हुए युवाओं को संगठित होने की जरूरत है। सेनानी संगठन के महामंत्री रमेश मिश्रा ने भी युवाओं को प्रेरित किया।
इस दौरान अधिवक्ता शैलेंद्र राव, मूलचंद, युवा जिलाध्यक्ष मुकेश श्रीवास्तव, नीरज सिंह, राजेश बोट आदि मौजूद रहे।
उधर, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पयागपुर की ओर से फरदा सुमेरपुर स्थित जनसंपर्क कार्यालय में लोकमान्य बालगंगाधर तिलक की 159वीं और चंद्रशेखर आजाद की जयंती मनाई गई, जिसमें जिला महासचिव मुकुंदजी शुक्ल शेरा, जटाशंकर चौधरी, राजेंद्र सिंह, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष अमरनाथ शुक्ल, डॉ. रामगोपाल सिंह, गिरिजादत्त झा, राजेंद्र विश्वकर्मा, संजय मौर्या, किरन यादव, रानी वर्मा, अमिता देवी, मुनऊ पासवान, हरिशरण सिंह आदि मौजूद रहे।