बाबागंज (बहराइच)। बंजरिया गांव निवासी एक ग्रामीण के मकान में मंगलवार रात अज्ञात कारणों से आग लग गई। परिवार के लोगों ने भागकर जान बचाई। ग्रामीणों ने जब तक आग पर काबू पाया, पूरा मकान राख हो चुका था। मकान में बंधी तीन मवेशियों की भी जलकर मौत हो गई। हादसे में लगभग एक लाख के सामान का नुकसान हुआ है।
रुपईडीहा थाना अंतर्गत ग्राम बंजरिया निवासी मोलहे पुत्र प्रह्लाद फूस के मकान में परिवार के साथ सो रहे थे। रात दो बजे के आसपास अज्ञात कारणों से मकान में आग लग गई। इस पर परिवार के लोगों ने भागकर जान बचाई। शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण एकत्रित हुए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया लेकिन तब तक पूरा मकान राख हो गया।
मोलहे के मुताबिक आग ने पक्के मकान को भी चपेट में ले लिया लेकिन ग्रामीणों की सजगता से पक्के मकान को जलने से बचा लिया गया। मकान के अंदर रखी 11 हजार की नकदी, अनाज, टीवी व रजाई समेत अन्य सामान जल गया। इसके अलावा घर में बंधी बकरी व उसके दो बच्चे जलकर मर गए। लगभग एक लाख के सामान का नुकसान हुआ है।
पीड़ित आग लगने की सूचना रुपईडीहा थाने में दी है। ग्राम प्रधान अंबर लाल वर्मा की सूचना पर लेखपाल जयराम सोनकर ने घटनास्थल का मुआयना कर रिपोर्ट तहसील को भेज दी है।