मकान में चोरी के बाद बिखरा सामान।
नानपारा। नगर की टीचर कॉलोनी में एक बंद मकान से रविवार रात चोरों ने नकदी, जेवर समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। सोमवार सुबह परिवार के सदस्यों के घर लौटने के बाद उन्हें चोरी की जानकारी हुई। पीड़ित ने थाने में तहरीर देते हुए शीघ्र घटना के खुलासे की मांग की है।
कॉलोनी निवासी ऋषिराम यादव ने बताया कि उनकी पत्नी व बच्चे बीते दो जून को गांव चले गए थे। उनके जाने के बाद रविवार को वह भी अपने गांव चले गए। ऐसे में मकान बंद था। चोरों ने इसी का फायदा उठाते हुए घटना को अंजाम दिया। ऋषिराम ने बताया कि चोरों ने घर की अलमारी व बक्सों को तोड़कर उसमें रखे 50 हजार रुपये नकद व सोने, चांदी के जेवरों समेत अन्य कीमती सामानों पर हाथ साफ कर दिया। सोमवार सुबह जब वह घर लौटे तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। थाना प्रभारी राजनाथ सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।