बहराइच। कोतवाली देहात पुलिस ने रायपुर राजा निवासी एक व्यक्ति की तहरीर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नदीम मन्ना के खिलाफ उधार लिए रुपये हड़पने और धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है।
कोतवाली देहात क्षेत्र के रायपुर राजा मोहल्ला निवासी ठेकेदार अखिलेश श्रीवास्तव ने थाने में दी तहरीर में कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष नदीम मन्ना ने फरवरी 2019 में उनसे दो लाख रुपये उधार मांगे थे। उस समय उनके पिता पूर्व विधायक शब्बीर अहमद बाल्मीकि लोकसभा संसदीय सीट बहराइच से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे थे। संबंधों को देखते हुए उसने दो लाख रुपये दे दिए। इसके बाद रुपये मांगने पर टालमटोल की जाने लगी। इस पर उन्होंने एसपी को पत्र दिया।
एसपी डॉ. विपिन मिश्रा के निर्देश पर जिला पंचायत अध्यक्ष नदीम मन्ना के खिलाफ कोतवाली देहात में केस दर्ज कर लिया गया है। प्रभारी निरीक्षक ओपी चौधरी ने बताया कि रुपये हड़पने और धमकी दिए जाने का केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। इस संबंध में जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि आरोप निराधार हैं। आरोप लगाने वाले ठेकेदार ने 2017 मेें मुझसे तीन लाख बीस हजार रुपये उधार लिए थे। रुपये वापस मांगने पर मुझ पर झूठा केस दर्ज करा दिया है।