बहराइच के मोहल्ला शखैयापुर में लगी हॉटस्पॉट इलाके में बैरीकेटिंग।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। शहर में बनाए गए हॉटस्पॉट पर पुलिस ने अपनी नजर पैनी कर दी है। निर्धारित सीमा पर लगाई गई बैरिकेडिंग से बाहर निकलने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस महामारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई कर रही है। मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया है। वहीं क्षेत्र के निवासियों से कहा है कि नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
शहर के कानूनगोपुरा दक्षिणी मोहल्ले में एक सप्ताह पहले कोरोना संक्रमित मरीज मिलने के बाद क्षेत्र को हॉटस्पॉट घोषित कर दिया गया था। बांस-बल्ली लगाकर लोगों को घर के अंदर ही रहने की अपील की गई थी। इसके बाद भी नगर कोतवाली क्षेत्र के कानूनगोपुरा दक्षिणी मोहल्ला निवासी सोनू तिवारी बैरिकेडिंग से बाहर निकल गए। इस पर निगरानी कर रहे चौकी इंचार्ज सुरेश यादव ने नियम उल्लंघन करने के आरोप में सोनू तिवारी के खिलाफ नगर कोतवाली में महामारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। नगर कोतवाल आरपी यादव ने बताया कि नियम तोड़ने वाले को बख्शा नहीं जाएगा।