फखरपुर (बहराइच)। बिजली विभाग की टीम ने शुक्रवार की भोर में गजपतिपुर व टेंडवा बसंतापुर में विद्युत चोरी व बकाया वसूली को लेकर अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने 1.33 लाख की बकाया वसूली करते हुए सात उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत चोरी का मुकदमा दर्ज कराया है।
विद्युत उपकेंद्र तेजवापुर से संचालित ग्राम गजपतिपुर व टेंड़वा बसंतापुर में शुक्रवार को एसडीओ धमेंद्र कुमार के निर्देश पर विभाग की टीम ने अवर अभियंता तेजवापुर ललित कुमार की अगुवाई में विद्युत चोरी व बकाया वसूली को लेकर अभियान चलाया। अभियान के दौरान टीम ने 8.26 लाख के बकायेदार 26 उपभोक्ताओं के कनेक्शन को मौके पर ही काट दिया। इसके अलावा 15 उपभोक्ताओं से 1.33 लाख की वसूली की। टीम ने जांच में एक उपभोक्ता द्वारा बिजली चोरी करते पाया, जबकि छह उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन बिना बिजली का बिल जमा किए पाए गए। टीम ने सातों उपभोक्ताओं के खिलाफ बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज कराया। इसके अलावा टीम ने जांच में चार अन्य उपभोक्ताओं खामियां पाकर उनको दुरुस्त कराते हुए चेतावनी दी।
जेई ने बताया कि मौजूदा समय प्रत्येक दिवस भोर में अभियान चलाया जा रहा है। काटे गए बिजली कनेक्शन बिना भुगतान किए दोबारा जोड़ने का प्रयास किया गया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।