बहराइच /चित्तौरा। ग्राम पंचायत नगरौर निवासी शादाब हत्याकांड में पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर पिता-पुत्र सहित चार पर केस दर्ज किया है। वहीं दो को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है।
कोतवाली देहात के नगरौर निवासी शादाब (19) की ईंट से कूंचकर हत्या कर दी गई थी। शादाब दो दिन से लापता था और उसका शव रविवार को गांव से कुछ दूर स्थित खंडहर में मिला था। मृतक के परिजनों ने गांव निवासी आवेद अहमद उर्फ राजू नेता, आवेद के बेटे बशर, जुल्पफकार व फरीद पर हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली देहात में तहरीर दी थी। कोतवाल देहात दद्दन सिंह ने बताया कि सभी आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। एएसपी नगर रामानंद कुशवाहा ने बताया कि पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं फरार चल रहे दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।