मुर्तिहा के नईबस्ती निधीपुरवा में सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त कार।
मिहींपुरवा/मोतीपुर (बहराइच)। मुर्तिहा कोतवाली क्षेत्र में बाइक सवार से रेसिंग के दौरान एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार के परखचे उड़ गए और कार सवार किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सकों ने चार को मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया।
कोतवाली मुर्तिहा क्षेत्र के नईबस्ती निधीपुरवा गांव निवासी गोपीचंद व उनके भाइयों के बच्चे कार से बुधवार को कतनिर्याघाट का दीदार करने जा रहे थे। मिहींपुरवा-मुर्तिहा मार्ग पर आग से जा रहे बाइक सवार से रेस के दौरान कार चला रहे युवक ने नियंत्रण खो दिया और कार सड़क किनारे लगे पेड़ से टकरा गई। कार की स्पीड अधिक होने से कार के परखचे उड़ गए और कार सवार गोपीचंद की बेटी गुंजा (17) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा देख इकट्ठा हुए ग्रामीणों ने पुलिस व एंबुलेंस को हादसे की जानकारी दी। सूचना पर पहुंचे कोतवाल अमितेंद्र सिंह ने सभी घायलों को इलाज के लिए सीएचसी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख रूकमीना (22), पूनम (15), अर्जुन (10) व लक्ष्मी (18) को मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। वहीं रोहित (15) का इलाज जारी है। कार सवार तीन लोगों को मामूली चोटें आईं हैं, उन्हें घर भेज दिया गया।
निधीपुरवा निवासी एक परिवार के नौ लोग कतर्नियाघाट में नव वर्ष मनाने अपनी कार से जा रहे थे। कार की गति अधिक होने से पेड़ से टकरा गए। हादसे में किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया गया है। जांच की जा रही है।
अमितेन्द्र सिंह, मुर्तिहा कोतवाल