बहराइच। कोतवाली देहात क्षेत्र के बहराइच-गोंडा हाईवे पर मंगलवार की देर शाम एक तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में घुस गया। हादसे में ऑटो चालक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।
दरगाह थाना क्षेत्र के हमजापुरा मोहल्ला निवासी संजय (45) आर्थिक रूप से कमजोर थे और ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। मंगलवार की देर शाम वह यात्रियों को छोड़ने के लिए गोंडा रोड स्थित बाबा चौराहे के आगे गए थे। जहां से लौटते समय बहराइच-गोंडा मार्ग पर बाबा चौराहे पर खड़े चावल लदे ट्रक में पीछे से टकरा गए।
स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से इन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।कोतवाल परमानंद तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया गया है। हादसे की जांच की जा रही है।