रिसिया के सिसई सलोन मोहल्ले में एक शिक्षक की कार पर शुक्रवार रात बादलों की गड़गड़ाहट के बीच बिजली गिर गई। देखते ही देखते पूरी कार आग के गोले में तब्दील हो गई। सूचना देने के बावजूद दमकल मौके पर नहीं पहुंचा। वहीं, बिजली गिरने से मोहल्ले के 13 मकानों में विद्युत उपकरण भी जल गए हैं। छह लाख से अधिक का नुकसान हुआ है।
सिसई सलोन में गायत्री मंदिर परिसर में खड़ी शिक्षक मुरारीलाल श्रीवास्तव की कार पर शुक्रवार देर रात मौसम बिगड़ने के दौरान बिजली गिर गई। कार धू-धू कर जल उठी। तेज प्रकाश देखकर मोहल्ले के लोग घरों से बाहर निकले। आग का गोला बने कार को देख अफरा तफरी मच गई। तत्काल थाने को सूचना दी गई।
अग्निशमन केंद्र को भी जानकारी दी गई लेकिन दमकल नहीं पहुंचा। मोहल्लेवासियों की कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह जल रही कार पर काबू पाया गया।
बिजली का प्रभाव इतना अधिक था कि मोहल्ला निवासी शारदा देवी, शिक्षक प्रह्लाद श्रीवास्तव, हरीश प्रजापति, शिक्षक कृष्णलाल श्रीवास्तव, दाताराम कश्यप समेत 13 लोगों के मकानों में लगे पंखे, कूलर, टीवी, फ्रिज, एसी व अन्य उपकरण जल गए। गायत्री मंदिर परिसर में स्थापित सौर ऊर्जा प्लांट भी बिजली की चपेट में आने से नष्ट हो गया है। कार जलने से मंदिर की वायरिंग भी जल गई है। टाइल्स और खंभे उखड़ गए।