बहराइच। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार देर शाम जिला स्तरीय नार्को को-आर्डिनेशन कमेटी की बैठक हुई। इसमें युवाओं को नशे की लत से बचाने के लिए तीन विभागों को समन्वय के साथ मुहिम चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए दायित्व निर्धारण भी किया गया है।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम अक्षय त्रिपाठी ने कहा कि सभी एजेंसियों के बीच संवादहीनता की स्थिति नहीं होनी चाहिए। यदि कोई सूचना प्राप्त होती है, तो सभी संबंधित एजेंसी सूचनाओं को एक-दूसरे के साथ शेयर करते हुए तत्काल प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई कर नियमानुसार संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करें।
अपराध निरोधक एजेंसियों को निर्देश दिया कि किसी भी कार्रवाई के दौरान नारकोटिक्स और ड्रग्स की जब्त की गई मात्रा व की गई कार्रवाई का विवरण समिति की बैठक में प्रस्तुत करें। मेडिकल स्टोरों की सघन चेकिंग कर प्रतिबंधित नशीली औषधियों की बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाएं। संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर वहां सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाए।
डीआईओएस को निर्देश दिया कि युवा पीढ़ी विशेषकर विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों से दूर रखने के लिए संयुक्त रूप से जनजागरूकता कार्यक्रम चलाएं। अपराध निरोधक एजेंसियां कार्यशाला का निरंतर आयोजन कर कार्यवाही सुनिश्चित करें।
समाज कल्याण अधिकारी नशामुक्ति एवं पुनर्वास कार्यक्रम संचालित करें। एसपी रामनयन सिंह ने पुलिस एवं आबकारी व औषधि प्रशासन विभागों की संयुक्त टीम को मेडिकल स्टोरों की संघन चेकिंग अभियान चलाने का निर्देश दिया।
बैठक में एडीएम अमित कुमार, एएसपी नगर रामानंद कुशवाहा, सीएमओ डॉ. संजय कुमार, डीएफओ कतर्नियाघाट सूरज, बहराइच राम सिंह यादव, संबंधित एसडीएम, जिला आबकारी अधिकारी सुधांशु सिंह, ड्रग इंस्पेक्टर सहित अन्य मौजूद रहे।