विशेश्वरगंज के सेमरा साधन सहकारी समिति पर खाद लेने के लिए लगी लाइन। - स्रोत : ग्रामीण
मटेरा/विशेश्वरगंज। किसान जहां मटेरा क्षेत्र की समितियों पर रात-रातभर लाइन लगाकर भी यूरिया के लिए भटकते रहे, वहीं दूसरी ओर विशेश्वरगंज ब्लॉक की पुरैना और सेमरा समितियों पर शनिवार को पुलिस की मौजूदगी में खाद का वितरण होने से किसानों को बड़ी राहत मिली।
मटेरा में हालात इतने गंभीर हैं कि किसान आधी रात को ही साधन सहकारी समितियों पर पहुंच जाते हैं। किसान शिव प्रसाद ने बताया कि पांच दिन से लाइन लगा रहा हूं, लेकिन खाली हाथ घर लौटना पड़ रहा है। दिलीप कुमार साहू का कहना रहा कि सुबह चार बजे समिति पर पहुंचे, पर लंबी लाइन के कारण टोकन ही नहीं मिल सका।
समिति सचिव एके सिंह ने स्वीकार किया कि करीब 20-22 गांवों की जिम्मेदारी होने से मांग के मुकाबले उपलब्ध स्टॉक बेहद कम है।
उधर विशेश्वरगंज ब्लॉक में शनिवार को दो समितियों पर खाद मिलने से किसानों ने राहत की सांस ली। पुरैना समिति पर उप जिलाधिकारी अश्विनी कुमार पांडे ने निरीक्षण कर न केवल स्टॉक की जांच की, बल्कि किसानों को आश्वस्त किया कि सरकारी रेट पर सभी को खाद उपलब्ध कराई जाएगी।
वहीं, सेमरा समिति पर गोंडा जिले तक के किसान पहुंच गए। भीड़ को देखते हुए प्रत्येक किसान को एक या दो बोरी खाद ही दी गई। भारी भीड़ के बावजूद व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल मौजूद रहा।