बहराइच : नानपारा रेंज के रघुनाथपुर गांव में बाघिन पकड़ने के लिए लगाया गया पिंजड़ा।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। नानपारा रेंज के रघुनाथपुर गांव में रविवार को बाघिन आने से ग्रामीणों में दहशत है। पुलिस व वनकर्मियों की टीम ने रविवार को कांबिंग कर बाघिन को जंगल में खदेड़ने की कोशिश की मगर सफलता नहीं मिली। ऐसे में अब बाघिन को पकड़कर जंगल में छोड़ने के लिए वन विभाग ने गांव में पिंजड़ा लगाया है। पिंजड़े में बकरी को बांधा गया है ताकि बाघिन को कैद किया जा सके। वहीं, वन विभाग की दो टीमें गांव में निरंतर गश्त कर रही हैं।
बहराइच वन प्रभाग के चकिया रेंज से होकर एक बाघिन नानपारा रेंज में पहुंच गई है। वह नानपारा रेंज के हुसैनपुरवा, सखौली होते हुए रघुनाथपुर गांव पहुंच गई। गांव में गन्ने के खेत में बाघिन के दहाड़ने से ग्रामीण दहशत में आ गए थे। सूचना पाकर वन क्षेत्राधिकारी राशिद जमाल, वन दरोगा सत्यजीत, थानाध्यक्ष चौथीराम यादव दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और कांबिंग की मगर बाघिन को जंगल में नहीं खदेड़ा जा सका।
पुलिस व वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को समझाया और सतर्क रहने की हिदायत दी। वन क्षेत्राधिकारी राशिद जमाल ने बताया कि बाघिन को पकड़कर जंगल में छोड़ने के लिए गांव में पिंजड़ा लगाकर उसमें बकरी बांधी गई है। वन विभाग की दो टीमें गांव में निरंतर गश्त कर रहीं हैं। जिससे ग्रामीणों को कोई परेशानी न हो।