मोतीपुर थाना क्षेत्र के उर्रा के सिंगहिया गांव में गुरुवार की रात अज्ञात कारणाें से एक मकान में आग लग गई। ग्रामीण जब तक आग पर काबू पाने की कोशिश करते, तब तक आग की लपटों ने आसपास के चार और मकानों को चपेट में ले लिया, जिससे सभी घरों में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। आग से लगभग चार लाख का नुकसान हुआ है। वहीं, विशेश्वरगंज के दिगितपुरवा में भी आग लगने से एक मकान व उसमें रखा सामान जल गया। घटनाओं की सूचना तहसील प्रशासन को दी गई है, लेकिन अभी तक कोई मौके पर नहीं पहुंचा है।
मोतीपुर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत उर्रा के सिंगहिया गांव में गुरुवार की रात रमाकंात पुत्र पैकरमा के मकान में अचानक आग लग गई। लपटें उठती देख गांव में हड़कंप मच गया। लोग इधर-उधर भागने लगे। देखते ही देखते आग ने पड़ोस के मंजूलाल, राजकिशोर, रामप्यारे और ओमप्रकाश के मकानों को भी चपेट में ले लिया।
ग्रामीणों की मदद से एक घंटे के बाद आग पर काबू पाया गया। आग से पांच घरों में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, जेवरात समेत सभी सामान जलकर राख हो गया। समेत गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। अग्निकांड में लगभग चार लाख की संपत्ति का नुकसान हुआ है। पांचों परिवार के लोग खुले आसमान तले रहने को मजबूर हैं। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि तेजपाल मौर्या ने अग्निपीड़ितों को आलू, चावल और दाल मुहैया कराई है।
तहसीलदार रुमित सिंह का कहना है कि लेखपाल की रिपोर्ट मिलने के बाद पीड़ितों को अहेतुक सहायता प्रदान की जाएगी। वहीं, विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के दिगितपुरवा ककरहवा निवासी रामनरायन पुत्र अमिरका के फूस के मकान में बीती रात अज्ञात कारणों से आग लग गई, जिससे घर में रखा सामान जल गया। लगभग एक लाख का नुकसान हुआ है। सूचना पाकर लेखपाल ने मौके का मुआयना किया है।