बहराइच। कोतवाली नगर के घंटाघर चौकी से चंद कदम की दूरी पर स्थित एक कपड़े की दुकान पर चोरों ने धावा बोला और सेंध लगाकर लाखों की नकदी व कपड़े गायब कर दिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच कर जल्द खुलासे की बात कही है। चौकी से चंद कदम पर हुई चोरी की घटना के बाद लोग चौकी पुलिस की कार्यशैली पर सवालिया निशान खड़े कर रहे हैं।
नगर कोतवाली के गुदड़ी निवासी रविशंकर चौक बाजार में घंटाघर पुलिस चौकी के पास रेडीमेड कपड़े की दुकान हैं। रविवार को रोज की तरह वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। इस दौरान देर रात दुकान के पीछे सेंध लगाकर चोर दुकान में दाखिल हुए और वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित रविशंकर ने बताया कि चोर दुकान में रखे 35 हजार के कपड़े व नकदी उठा ले गए। उन्होंने बताया कि कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। नगर कोतवाल राकेश सिंह ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। जल्द चोरों को गिरफ्तार कर खुलासा किया जाएगा।