शिवपुर (बहराइच)। नानपारा कोतवाली के शिवपुर रोड पर स्थित मैदान में शुक्रवार को क्रिकेट खेलने को लेकर हुए विवाद में चार लोगों ने दो भाइयों को जमकर पीटा। आरोपियों ने एक बालक के सिर पर ईंट मार दी। इससे उसका सिर फट गया। परिजन उसे लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। पीड़ितों के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों पर संबंधित मामले में रिपोर्ट दर्ज की है।
शिवपुर मार्ग निवासी मोमना ने बताया कि उनके बेटे इकबाल और रियाज घर के पास स्थित मैदान में क्रिकेट खेल रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान बंजारन टाडा गांव निवासी जैयद उनके बेटे रियाज को मारने लगा। जब बड़े बेटे इकबाल ने विरोध किया तो उसके साथी अरसान, परवेज और टेबल नंबर पांच शिवपुर निवासी छोटे राजा ने मिलकर इकबाल को लाठी-डंडों से पीटते हुए सिर में ईंट मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। नानपारा कोतवाल प्रदीप सिंह ने बताया कि हमलावर युवकों पर केस दर्ज किया गया है। (संवाद)