रुपईडीहा। थाना रुपईडीहा क्षेत्र में बहनोई की हत्या के मामले में फरार चल रहे वांछित को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी साले की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया है।
प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह रावत ने बताया कि बनकुरी गांव निवासी हसीब अपनी बहन के प्रेम विवाह से नाखुश था। इसके चलते उसने अपने बहनोई शादाब को बीते शुक्रवार को डंडे से पीटकर मार डाला था। मृतक शादाब के बड़े भाई ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
गैर इरादतन हत्या के मामले में वांछित चल रहे हसीब की तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही थी। सोमवार को उपनिरीक्षक सर्वेश चंद्र, शिवानंद सिसोदिया एवं आरक्षी सिकंदर राजभर की टीम ने आरोपी को कुतुबुद्दीनपुरवा–भटपुरवा मोड़ के पास से गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान पकड़े गए हसीब ने बहनोई की हत्या करने की बात स्वीकार की, उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले में विवेचना जारी है।