बहराइच। पयागपुर ब्लॉक के वैनी ग्राम पंचायत में वैनी खुरथुआ मार्ग पर स्थित नाले पर एक करोड़ छह लाख रुपये से पुल का निर्माण होगा। इसके बनने से आधा दर्जन से अधिक गांवों के लोगों को आवागमन में आसानी होगी। पयागपुर विधायक सुभाष त्रिपाठी ने गुरुवार को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए पुल का शिलान्यास किया।
विधायक ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार सभी वर्ग के लोगों के विकास के लिए तमाम प्रकार की योजनाएं चला रही है। सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। सभी गांवों को पक्की सड़क से जोड़ने के लिए सरकार पूरी तरह से गंभीर है। उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग की ओर से वैनी खुरथुआ मार्ग पर स्थित नाले पर पुल निर्माण कराया जाएगा।
इससे आसपास के गांवों के लोगों को बरसात के साथ ही अन्य दिनों में आवागमन में आसानी होगी। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि घर से बाहर निकलते समय मास्क या गमछा का प्रयोग करें। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। इस मौके पर भाजपा विधानसभा संयोजक निशंक त्रिपाठी, रामरंग शुक्ल, रामगोपाल शुक्ल, रामआशीष, उमाशंकर तिवारी, दिनेश पासवान, दिलीप सिंह, हनुमान शरण दीक्षित, दिवाकर शुक्ल मौजूद रहे।