समाजवादी पेंशन योजना में अवैध वसूली कर पात्रों को योजना से वंचित किए जाने के खिलाफ मंगलवार को महिलाओं ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। महिलाओं ने लिपिक पर अवैध वसूली किए जाने का आरोप लगाते हुए नगर मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
लोक जनशक्ति पार्टी की महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष मुन्नी देवी की अगुवाई में शहर के विभिन्न वार्डों की महिलाओं ने धरना दिया। मंडल अध्यक्ष यूनुस परवेज और प्रांतीय महासचिव अवधेश कुमार नाग ने कहा कि समाजवादी पेंशन योजना में पटल लिपिक राहुल गुप्ता की ओर से तीन-तीन हजार रुपये की वसूली की गई है। कई आवेदनों को बिना जांच के ही फीड कर उनको अवैधानिक तरीके से लाभ दिया गया है। शहर के अनेक वार्डों से फॉर्म भरे गए थे लेकिन उन आवेदनों को जमा ही नहीं किया गया।
जिलाध्यक्ष शमशुलहक कुरैशी ने कहा कि इसकी शिकायत महिला प्रकोष्ठ की ओर से डीएम से की गई थी, जिस पर भी अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। ऐसे में पटल लिपिक के खिलाफ भ्रष्टाचार का मुकदमा दर्ज कराकर उसे निलंबित किया जाए। प्रदर्शन के बाद नगर मजिस्ट्रेट वीएन पांडेय को ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान युवा जिलाध्यक्ष राजेश श्रीवास्तव, तहसील अध्यक्ष भारत कुमार, नगर अध्यक्ष नकीब उर्फ मुन्ना, पप्पू लाल आदि
मौजूद रहे।