नानपारा-शिवपुर मार्ग पर सोमवार शाम सड़क दुर्घटना में बच्चे की मौत के बाद आसपास गांव के लोगों ने जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों से भी झड़प हुई थी। भीड़ ने आरोपी वाहन चालक की पिटाई कर दी थी। इस मामले में देर रात सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है।
कोतवाली नानपारा क्षेत्र अंतर्गत नानपारा-शिवपुर मार्ग पर ट्यूबवेल संख्या 5 के पास सोमवार शाम तेज रफ्तार भार वाहन से कुचलकर मासूम की मौत हो गई थी। मौके पर आसपास गांव के लोग इकट्ठा हो गए। गांव के लोगों का कहना था कि सप्ताह भर पूर्व भी वाहन की चपेट में आकर एक बच्चे की मौत हो चुकी है लेकिन पुलिस और प्रशासन चुप्पी साधे हुए है। भीड़ ने वाहन चालक की पिटाई कर मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों से भी अभद्रता की।
इस मामले में देर रात गांव निवासी मोहित शर्मा, उमेश व संजीव को नामजद करते हुए चार अज्ञात के खिलाफ दुर्घटनास्थल पर हंगामा कर अशांति फैलाने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का केस दर्ज किया गया है। प्रभारी निरीक्षक ने एसके त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी मोहित शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि अन्य दो नामजद आरोपी फरार हैं। अज्ञात आरोपियों को भी चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है।