शिवपुर(बहराइच)। नानपारा कोतवाली क्षेत्र के भवनियापुर में संचालित अवध बिहारी इंटर कॉलेज में पानी पीने गए छात्र शादाब पर बंदर ने ईंट गिरा दिया था। गंभीर रूप से घायल छात्र को इलाज के लिए लखनऊ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गई है।
कोतवाली नानपारा के साइनपुरवा निवासी शादाब(7) अवध बिहारी इंटर कॉलेज भवानियापुर में कक्षा दो में पढ़ता है। बृहस्पतिवार की सुबह जब छात्र विद्यालय गया और नल पर पानी पीने गया था तभी छात्र पर बंदर ने ईंट गिरा दी थी। इससे बालक गंभीर रूप से घायल हो गया था। विद्यालय प्रशासन द्वारा उसे सीएचसी नानपारा लाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया था। फिर वहां से छात्र को लखनऊ रेफर कर दिया गया था। जहां पर छात्र की शुक्रवार सुबह मौत हो गई है।