मल्हीपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर कला गांव में शुक्रवार को आई बारात में रात में नाच गाना हो रहा था। जिसे देखने के बाद एक किशोर जमीन पर ही वहीं लेट गया था। इसी दौरान बारात में शामिल बोलेरो ने किशोर को रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से भड़के ग्रामीणों ने वाहन मेें आग लगा दी। मल्हीपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बहराइच के रिसिया थाना क्षेत्र के विलासपुर गांव निवासी वीरेंद्र कुमार पुत्र कुरुसेन वर्मा अपनी बारात लेकर शुक्रवार को मल्हीपुर थाना क्षेत्र के शाहपुरकला निवासी भरतलाल पुत्र विशेश्वर उर्फ कोयले के यहां आया था।
बारात में रात में रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा था, जिसे देखने के लिए शाहपुर कला गांव के लोग भी आए थे। इसी दौरान डांस देखने आया शाहपुर कला गांव निवासी मनीष (12) पुत्र तूफानी नाच देखने के बाद रात में वहीं जमीन पर सो गया था। इसी बीच देर रात बारात में शामिल होने आई एक बोलेरो का चालक वाहन को बाहर निकालने के लिए उसे पीछे कर रहा था।
पीछे करते समय अचानक गाड़ी मनीष के सिर पर चढ़ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों को आक्रोशित देख चालक वाहन छोड़ कर भाग गया। इससे भड़के ग्रामीणों ने बोलेरो में आग लगा दी।
बारातियों की सूचना पर पहुंची मल्हीपुर पुलिस ने अज्ञात चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया। इस बारे में प्रभारी निरीक्षक मल्हीपुर सुजीत कुमार ने बताया कि कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।