विवाहिता की मौत के बाद जांच करती पुलिस व जमा भीड़। -संवाद
शिवपुर/खैरीघाट। ग्राम वैवाही में रविवार देर रात एक विवाहिता का शव घर में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों ने बताया कि महिला के पति की मौत भी कुछ माह पूर्व बीमारी के कारण हो चुकी है। पारिवारिक विवाद के चलते फंदा लगाने की आशंका व्यक्त की जा रही है।
खैरीघाट क्षेत्र के ग्राम दलजीत निवासी नेहा (22) का विवाह तीन वर्ष पूर्व वैवाही निवासी जगदीश प्रसाद साहू के साथ हुआ था। 10 माह पहले बीमारी के कारण जगदीश की मौत हो गई। नेहा अपने एक वर्षीय बेटे, दो देवरों व एक ननद के साथ ससुराल में रह रही थी।
ग्रामीणों ने बताया कि जगदीश की मौत के बाद से ही नेहा व ससुरालीजनों के बीच संबंध अच्छे नहीं थे। आए दिन पारिवारिक मामलों को लेकर विवाद होता रहता था। रविवार देर रात नेहा के कमरे में उसका शव फंदे से लटका मिला। ससुरालीजनों ने घटना की सूचना थाने में दी।
इस पर थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने घटनास्थल पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्रित किए, उन्होंने बताया कि अभी मृतका के मायके पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।