बहराइच। इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम में शुक्रवार को स्वर्गीय कुशमेंद्र सिंह राणा की स्मृति में आयोजित ग्लैमरस टाइप प्रीमियर लीग में बहराइच ब्लास्टर्स और बहराइच नवाब के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। बहराइच ब्लास्टर्स ने 89 रनों से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बहराइच ब्लास्टर्स की शुरुआत बेहतरीन रही। कप्तान जयप्रकाश (57 रन) और रजत सिंह (55 रन) की अर्धशतकीय पारियों की मदद से टीम ने निर्धारित 22 ओवरों में सात विकेट खोकर 167 रनों का स्कोर खड़ा किया। बहराइच नवाब की ओर से सम्राट तिवारी ने चार विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बहराइच नवाब की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी और नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। पूरी टीम 18वें ओवर में महज 78 रनों पर ढेर हो गई। कप्तान ताहा आबिदी ने सबसे ज्यादा 28 रन बनाए। ब्लास्टर्स के गेंदबाज दिव्यांशु सिंह ने तीन विकेट झटके, जबकि मृदुल, रजत सिंह और मोहित पाठक को 2-2 विकेट मिले। दिव्यांशु सिंह को मैन ऑफ द मैच और कप्तान जयप्रकाश को इमर्जिंग प्लेयर के खिताब से नवाजा गया।