राजीचौराहा (बहराइच)। मुजही द्वारिकापुर गांव में एक ग्रामीण के घर में मंगलवार शाम चाय बनाने के लिए सिलेंडर ऑन किया गया।
इसी बीच पाइप के रास्ते सिलेंडर में आग लग गई। परिवार के लोगों की चीख पुकार पर कुछ ग्रामीण हिम्मत करके सिलेंडर को बाहर ले आए।
बाहर लाते ही सिलेंडर में विस्फोट हो गया। इस दौरान एक युवक घायल हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया है।
बौंडी थाना अंतर्गत मुजही द्वारिकापुर निवासी फरीद अली पुत्र रमजान अली के परिवार में मंगलवार देर शाम चाय बनाने के लिए घर की महिलाओं ने सिलेंडर ऑन किया।
लेकिन पाइप के रास्ते अचानक सिलेंडर तक आग की लपटें पहुंच गई। देखते ही देखते सिलेंडर से आग की लपटें उठने लगीं।
महिलाओं की चीख पुकार सुनकर परिवार के लोगों ने हिम्मत करके सिलेंडर को घर के बाहर फेंका। उसे बुझाने का प्रयास किया जा रहा था।
तभी उसमें तेज आवाज के साथ विस्फोट हो गया। विस्फोट के दौरान मोहम्मद वसीम (25) घायल हो गया। हालांकि अन्य किया को चोट नहीं आई।
घर के बाहर खुले में विस्फोट होने के कारण मकान को भी कोई नुकसान नहीं हुआ। विस्फोट की सूचना मिलने पर एसओ पवन कुमार सिंह मौके पर पहुंच गए। घायल ग्रामीण को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।