नानपारा (बहराइच)। बड़ा भुलौरा गांव में डायल 112 के सिपाहियों व होमगार्ड ने बलहा भाजपा सेक्टर अध्यक्ष को घर में घुसकर लाठी-डंडों से जमकर पीटा। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें नानपारा सीएचसी से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मामला संज्ञान में आते ही एसपी ने दो सिपाहियों व एक होमगार्ड को लाइन हाजिर कर दिया। पीड़ित की पत्नी की तहरीर पर दो सिपाहियों व एक होमगार्ड पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। वहीं होमगार्ड ने भी भाजपा सेक्टर अध्यक्ष के खिलाफ मारपीट व जातिसूचक गाली देने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है।
नानपारा कोतवाली क्षेत्र के बड़ा भुलौरा गांव में भाजपा सेक्टर अध्यक्ष बलहा गुरुप्रसाद का आवास है। आरोप है कि रविवार की रात में सिपाही अजय राय, अजय यादव व होमगार्ड सजीव सोनकर घर में घुस गए और सो रहे सेक्टर अध्यक्ष के कमरे में घुसकर पीटने लगे। इसी दौरान पत्नी ने डायल 112 को फोन किया, लेकिन जब तक पुलिस पहुंचती तब तक गुरुप्रसाद घायल हो गए। पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में पीड़ित को नानपारा सीएचसी लाया गया। जहां हालत को गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। नानपारा के प्रभारी थानाध्यक्ष आनंद सिंह ने बताया कि पीड़ित की पत्नी की तहरीर पर सिपाही अजय राय, अजय यादव व होमगार्ड सजीव सोनकर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। जांच शुरू कर दी गई है।
नशे में गाड़ी को रोका और दी जातिसूचक गाली
हम लोग गांव के रास्ते से जा रहे थे तभी गुरुप्रसाद अचानक गाड़ी के आगे आ गया और रोकने की बात कहकर गाली देने लगा। गुरुप्रसाद नशे में थे। गाड़ी रुकते ही उसने पास आकर वर्दी पर हाथ लगाया तो मना करने पर मारने लगा। बचाने आए सिपाहियों को भी मारा। जातिसूचक गाली दी। थाने में तहरीर दी है।
सजीव सोनकर, होमगार्ड
घर में घुसकर पीटने का आरोप गलत
भुलौरा गांव के पास एक पान की दुकान है। वहां पर पुलिसकर्मी पान-मसाले की खरीदारी कर रहे थे। इसी दौरान गुरुप्रसाद पुलिस पर कमेंट करने लगे। कमेंट को लेकर दोनों तरफ से कहासुनी हुई और मारपीट हो गई। प्रकरण संज्ञान में आते ही दोनों सिपाहियों व होमगार्ड को लाइन हाजिर कर दिया गया है। घर में घुसकर पिटाई का आरोप पूरी तरह गलत है। मामले की जांच कराई जा रही है।
विपिन मिश्रा, एसपी