जरवलरोड। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्तफाबाद में नई बायोकेमिस्ट्री ब्लड जांच मशीन स्थापित हुई है। इस मशीन के लगने से मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। अब यहां आने वाले मरीजों को 32 प्रकार की ब्लड जांच की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध होगी। मरीजों को बाहर निजी लैबों में अब नहीं भटकना पड़ेगा।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. कुंवर रीतेश ने बताया कि अस्पताल में फुली ऑटोमेटिक बायोकेमिस्ट्री सेलेक्ट्रा मशीन स्थापित की गई है। इस मशीन के माध्यम से केएफटी, एलएफटी, सीबीसी, टोटल कोलेस्ट्रॉल, यूरिक एसिड सहित कुल 32 प्रकार की ब्लड जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि मशीन पूरी तरह ऑटोमेटिक होने के कारण कम समय में सटीक रिपोर्ट उपलब्ध हो जाएगी, जिससे मरीजों के इलाज में तेजी आएगी और उन्हें आर्थिक व मानसिक परेशानियों से भी राहत मिलेगी।
कैसे काम करेगी बायोकेमिस्ट्री मशीन
फुली ऑटोमेटिक बायोकेमिस्ट्री मशीन मरीज के रक्त के नमूने को स्वचालित प्रक्रिया से जांचती है। इसमें सैंपल डालते ही मशीन विभिन्न रसायनों की मदद से रक्त के घटकों का विश्लेषण करती है और कुछ ही मिनटों में सटीक रिपोर्ट तैयार कर देती है। जांच प्रक्रिया में मानवीय हस्तक्षेप कम होने से त्रुटि की संभावना भी घट जाती है।