उर्रा (बहराइच)। मोतीपुर थाना क्षेत्र में नानपारा-लखीमपुर मार्ग पर स्थित पुल के पास सोमवार को बेकाबू ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार मामा व भांजे की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। ट्रैक्टर-ट्रॉली को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है, जबकि उसका चालक मौके से भाग निकला। हादसे में मामा व भांजे की मौत से परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कोतवाली मुर्तिहा क्षेत्र के नौबना गांव निवासी हरद्वार प्रसाद यादव (62) अपने भांजे मोतीपुर के गिरगिट्टी गांव निवासी गिरधारी लाल यादव (32) के साथ बाइक से मिहींपुरवा जा रहे थे। इसी बीच बाइक सवार मामा व भांजे मोतीपुर थाना क्षेत्र में नानपारा-लखीमपुर मार्ग पर गूढ़ पुल के पास पहुंचे, तभी विपरीत दिशा से आ रही बेकाबू ट्रैक्टर-ट्रॉली ने करीब डेढ़ बजे उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास के लोगों ने पुलिस को हादसे की सूचना दी। इसके बाद चौकी इंचार्ज जालिमनगर हरीश सिंह, तेजप्रताप मौके पर पहुंचे और घायलों को सीएचसी मोतीपुर पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। बताया जाता है कि हादसे में जान गंवाने वाले मामा और भांजे ने हेलमेट नहीं लगाया था।
किस वाहन से हुआ हादसा, वहीं के लोग जानेें
मोतीपुर थाना क्षेत्र में नानपारा-लखीमपुर मार्ग पर सोमवार को दोपहर बाद हुए सड़क हादसे में मामा व भांजे की मौत हो गई। लोगों ने अज्ञात वाहन की अफवाह फैला दी। इस मामले में प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्द्धन सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि हादसा हुआ है। किस वाहन से हुआ है यह वहीं के लोग ही बता सकते हैं।