फखरपुर। क्षेत्र में टेंडवा के निकट बुधवार रात दो बाइकों में जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को परिजन मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद अज्ञात दूसरा बाइक सवार चला गया।
मरौचा रोड निवासी वासुदेव ने बताया कि उनके भाई शिवकुमार (42) प्रतिदिन की तरह बुधवार को टेंडवा स्थित अपनी दुकान पर गए थे। देर शाम दुकान बंद कर वह बाइक से घर लौट रहे थे। टेंडवा के निकट सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास के लोगों की सूचना पर परिजन उन्हें मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। देर रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना फखरपुर पुलिस ने मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।