मिहींपुरवा। नानपारा-लखीमपुर हाईवे पर बुधवार देर शाम हुए हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि साथ बैठी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को सीएचसी मोतीपुर से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
मुर्तिहा के रंगीलाल पुरवा नौबना निवासी शिवनारायन (50) अपनी परिचित रामादेवी (50) के साथ बाइक से बुधवार देर शाम मिहींपुरवा से गांव लौट रहे थे। गूढ़ चौराहे से पहले एक पेट्रोल पंप के पास लखीमपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद चालक वाहन समेत भाग गया। टक्कर लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से दोनों को सीएचसी मोतीपुर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने शिवनारायन को मृत घोषित कर दिया।
रामादेवी के दाहिने पैर में फ्रैक्चर हो गया है। हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया। मोतीपुर थानाध्यक्ष आनंद चौरसिया ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।