सड़क हादसे में युवकों की मौत के बाद जमा लोग।
- फोटो : सड़क हादसे में युवकों की मौत के बाद जमा लोग।
बिछिया। गिरिजापुरी-सुजौली मार्ग पर मंगलवार रात सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि जबकि घायल को सीएचसी मिहींपुरवा में भर्ती कराया गया है।
जनजाति गांव विशुनापुर निवासी अमरेश (20), अमर (21) और सुधांशु (20) मंगलवार रात करीब 10 बजे एक ही बाइक पर सवार होकर पड़ोसी गांव भैसाही में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। बाइक सवार युवक जब गिरिजापुरी-सुजौली मार्ग पर कारीकोट के पास स्थित एक रिसॉर्ट के सामने पहुंचे तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक बाइक समेत सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरे।
हादसे में बाइक चला रहे अमरेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अमर और सुधांशु गंभीर रूप से घायल हो गए। पीछे से आ रहे अन्य साथियों ने एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को तत्काल पीएचसी सुजौली पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान अमर ने भी दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल सुधांशु को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सीएचसी मिहींपुरवा रेफर कर दिया गया है। हादसे की खबर मिलते ही विशुनापुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सुजौली के प्रभारी निरीक्षक प्रकाश चंद्र शर्मा ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
हेलमेट नहीं लगाए हुए थे बाइक सवार
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि बाइक सवार तीनों युवक बिना हेलमेट के थे। जिन दो लोगों की मौत हुई हैं उन्हें सिर में गंभीर चोटें आई थीं। उन्होंने बाइक चालकों से हेलमेट लगाकर वाहन चलाने की अपील की है।