मिहींपुरवा। चफरिया निवासी महिला अपने सात वर्षीय बेटे व भाई के साथ रिश्तेदारी में गई थीं। शुक्रवार की शाम वह लोग बाइक से घर लौट रहे थे। उसी दौरान सड़क पर अचानक हिरनों का झुंड निकल आया। हिरणों को टक्कर से बचाने के प्रयास में बाइक सड़क पर गिर गई, जिससे बाइक सवार बालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य दोनों घायल हो गए।
क्षेत्र निवासी केहरा (35) अपने भाई इसरार (30) व बेटे फिरदौस (07) के साथ शुक्रवार को बाइक से चितलहवा स्थित रिश्तेदार के यहां आयोजित भोज में शामिल होने गई थीं। शाम को केहरा अपने भाई व बेटे के साथ बाइक से घर वापस आ रही थीं। वहां से कुछ ही दूरी तय करने के बाद सड़क किनारे लगी झाड़ियों में से अचानक हिरनों का झुंड सामने आ गया।
इस पर इसरार ने बाइक रोकने की कोशिश की, लेकिन बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में सात वर्षीय बालक फिरदौस की मौके पर ही मौत हो गई। इसरार व उनकी बहन केहरा गंभीर रूप से घायल हो गईं।
राहगीरों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिहींपुरवा पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। सीओ अमित प्रताप सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।