फखरपुर (बहराइच)। लखनऊ-बहराइच मार्ग पर फखरपुर में बाइक सवार डिवाइडर से टकरा गए, जिससे मौके पर ही अधेड़ की मौत हो गई, जबकि दूसरा ग्रामीण घायल हो गया। पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक दोनों बाइक सवार लड़का देखने के बाद कैसरगंज से वापस आ रहे थे।
कोतवाली देहात क्षेत्र निवासी रामपाल (50) पुत्र तीरथराम अपने समधी भल्ला प्रसाद (55) पुत्र जमुना प्रसाद निवासी केसवा कूड़े फखरपुर के साथ बाइक से कैसरगंज गए थे। थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि दोनों पुत्री के विवाह को लेकर कैसरगंज में लड़का देखने गए थे। रविवार रात नौ बजे बाइक से दोनों वापस घर आ रहे थे। लखनऊ-बहराइच मार्ग पर फखरपुर कस्बे में बाइक सवार पहुंचे। तभी अनियंत्रित बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में रामपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि समधी भल्ला प्रसाद घायल हो गए। पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मं भर्ती कराया। यहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया।