खैरीघाट में हुए सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त बाइकें।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। खैरीघाट-रामपुर धोबियाहार मार्ग पर शनिवार को बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई, जिससे तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने एंबुलेंस को फोन किया। आधे घंटे बाद पहुंची एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया। यहां एक घायल की हालत नाजुक देख उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
खैरीघाट थाना अंतर्गत दलजीतपुरवा चमारनपुरवा गांव निवासी त्रिलोकी (25) पुत्र रतन और ओमप्रकाश (30) पुत्र बंदे बाइक से गांव की ओर जा रहे थे। बाइक सवार रामपुर धोबियाहार-खैरीघाट मार्ग पर बाबा कुट्टी के निकट पहुंचे, तभी सामने से आ रहे कोतवाली मुर्तिहा के सेमरी मलमला गांव निवासी 35 वर्षीय युवक की बाइक में आमने-सामने टक्कर हो गई।
बाइक सवार घायल होकर सड़क पर ही गिर गए। आसपास के लोगों ने घायलों को मार्ग के किनारे कर एंबुलेंस को फोन किया। एंबुलेंस के पहुंचने पर सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीपुर पहुंचाया गया। यहां सेमरी मलमला निवासी युवक की हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया।
आधे घंटे बाद पहुंची एंबुलेंस
रामपुर धोबियाहार के ग्रामीणों ने बताया कि दुर्घटना के बाद तीनों घायल सड़क पर गिर गए। उन्हें मार्ग के किनारेे कर एंबुलेंस को फोन किया गया। लेकिन एंबुलेंस पहुंचने में आधा घंटा लग गया। जिससे सेमरी मलमला निवासी युवक के शरीर से काफी खून निकल गया। युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।