नानपारा (बहराइच)। खैरीघाट थाना क्षेत्र के इमामगंज में स्थित सरयू नहर में शनिवार की दोपहर कुछ ग्रामीणों ने सात वर्षीय बालिका का शव उतराता देखा। लोगों ने बालिका के शव को बाहर निकाला। ग्रामीणों ने कहा कि हत्या कर शव नहर में फेंका गया है। उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
चेहरा क्षत विक्षत था। शव कई दिन से नहर में पड़े होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आसपास के थानों से भी संपर्क किया गया है। पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खैरीघाट थाना अंतर्गत इमामगंज में सरयू नहर की शाखा बहती है। सरयू नहर के कैनाल में शनिवार को सुबह करीब 11 बजे एक बालिका का शव दिखाई दिया। इस पर ग्रामीणों ने गोताखोरों की मदद से शव बाहर निकाला। थाना क्षेत्र के कबड़ियनपुरवा गांव निवासी अब्दुल गफ्तार व अन्य ग्रामीणों ने पुलिस को शव मिलने की सूचना दी।
सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार द्विवेदी मौके पर पहुंचे। शव निर्वस्त्र था। उसकी उम्र सात वर्ष के आसपास थी। चेहरा भी बुरी तरह से क्षत-विक्षत था। कई दिनों से पानी में शव पड़ा होने की बात पुलिस कह रही है। पुलिस नेे आसपास के ग्रामीणों से शिनाख्त करवाई, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया उसकी हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जतायी जा रही है। एसओ ने बताया कि अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वह किसी दूसरे क्षेत्र की लग रही है। हत्या या आत्महत्या हुई है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही कहा जा सकता है।
आसपास के थानों सेे किया संपर्क
खैरीघाट थाना क्षेत्र के इमामगंज में नहर में बालिका का शव मिला है। पहचान नहीं होने के कारण आसपास के थानों संपर्क साधा गया है। वहां पर किसी ऐसी बालिका के गायब होने की सूचना मिलने पर ही उसकी पहचान संभव हो सकेगी। सोशल मीडिया का भी सहारा लिया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- रवींद्र कुमार सिंह, एएसपी ग्रामीण