रक्षाबंधन के मौके पर पिपरिया पंडितपुरवा गांव निवासी एक युवक अपनी पत्नी और तीन बच्चों को साइकिल पर बिठाकर शुक्रवार दोपहर बाद ससुराल जा रहा था। जब वह गांव से कुछ दूरी पर सरयू नदी के तट से गुजरी पगडंडी पर आगे बढ़ रहा था। तभी साइकिल अनियंत्रित होकर सरयू में गिर गई।
चीख पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग दौड़े। किसी तरह ग्रामीणों ने पत्नी और बच्चों को तो बचा लिया लेकिन पति नदी के तेज बहाव में बह गया। मौके पर लेखपाल पहुंचे हैं। गोताखोरों की मदद से पति की तलाश की गई, मगर सफलता नहीं मिली।
खैरीघाट थाना अंतर्गत पिपरिया पंडितपुरवा गांव निवासी घनश्याम (28) पुत्र संतू भुजवा की ससुराल थाना क्षेत्र के बेहड़ा दीपापुर में है। शुक्रवार सुबह रक्षाबंधन पर्व के लिए ससुराल से न्योता आया था। उसी के चलते घनश्याम अपनी पत्नी मंजू देवी पुत्र अंशू (6), पुत्री शिवानी (4) को साइकिल पर बिठाकर ससुराल के लिए रवाना हुआ था।
साइकिल के कैरियर पर बैठी मंजू गोद में दो माह का बेटा भी लिए हुए थी। दोपहर दो बजे के आसपास जब घनश्याम गांव से कुछ दूरी पर सरयू नदी के भंगहर के पास तट पर स्थित पगडंडी से परिवार के साथ गुजर रहा था तभी साइकिल अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई। दंपती और बच्चे चीख उठे।
मौके पर खेत और नदी के किनारे मौजूद लोग दौड़े। किसी तरह मंजू और बच्चों को निकाला गया। लेकिन इस बीच नदी का तेज बहाव होने के चलते घनश्याम बह गया। ग्रामीणों ने काफी प्रयास किया लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। तट पर कोहराम मचा हुआ है।
सूचना पाकर राजस्व लेखपाल घरभरन लाल और खैरीघाट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची हैं। लेखपाल ने बताया कि क्षेत्र के गोताखोरों को बुलवाकर नदी में बहे घनश्याम की खोज की जा रही है। जाल भी डाला जा रहा है। लेकिन बहाव अधिक होने से परेशानी आ रही है। उधर घटना की सूचना पाकर परिवारीजन और ससुराल के लोग भी मौके पर पहुंचे हैं।