बहराइच। हरदी क्षेत्र के विष्णुपुरवा गरेठी गांव निवासी साइकिल सवार ग्रामीण को मंगलवार को कटाईघाट के पास बाइक सवार ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हरदी थाना क्षेत्र के विष्णुपुरवा गरेठी गांव निवासी छंगालाल (55) पुत्र होली साइकिल से राजीचौराहा जा रहे थे। मंगलवार को दोपहर कटाईघाट के पास साइकिल सवार ग्रामीण को बाइक सवार ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे एंबुलेंस की मदद से सीएचसी महसी पहुंचाया गया। यहां हालत नाजुक देख मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान ग्रामीण की मौत हो गई। परिवारीजनों ने बाइक सवार के विरुद्ध थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि हादसे की सूचना पुलिस को दी गई, लेकिन काफी देर तक पुलिस घटनास्थल नहीं पहुंची। इसको लेकर लोगों में आक्रोश है।