बहराइच। डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय अयोध्या की ओर से बीएड प्रथम वर्ष, एलएलबी त्रिवर्षीय व पांच वर्षीय पाठ्यक्रम के लिए परीक्षाओं की तिथियां घोषित कर दी गई हैं। विश्वविद्यालय की ओर से जारी परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार बीएड प्रथम वर्ष की परीक्षा दो अगस्त से जबकि एलएलबी की परीक्षा 12 अगस्त से शुरू होगी।
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, जिले के संजीवनी विधि महाविद्यालय बसंतापुर और कलावती महाविद्यालय बेड़नापुर के एलएलबी परीक्षार्थी किसान पीजी कॉलेज में परीक्षा देंगे। इसी प्रकार बीएड की परीक्षा में संजीवनी महाविद्यालय, कलावती महाविद्यालय, शकुंतला मेमोरियल एजुकेशनल इंस्टीट्यूट और राजा प्रेम सिंह मेमोरियल महाविद्यालय के परीक्षार्थी शामिल होंगे।
परीक्षा कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही संबंधित महाविद्यालयों में हलचल तेज हो गई है। संबंधित परीक्षार्थी कॉलेज पहुंचकर नो ड्यूज इत्यादि बनवाने में सक्रिय हो गए हैं। कई परीक्षार्थी प्रवेश पत्र की जानकारी के लिए भी कॉलेज पहुंच रहे हैं। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि प्रवेश पत्र वेबसाइट पर जारी होगा। परीक्षार्थी वेबसाइट उसे डाउनलोड कर सकते हैं। किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर कॉलेज प्रशासन से संपर्क कर सकते हैं।