बहराइच। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी की ओर से 31 मई को उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। जिले में पांच केंद्रों पर परीक्षा होगी। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने सभी केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक, स्टेटिक व सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती कर दी है। डीएम ने बताया कि परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक चलेगी।
उन्होंने बताया कि किसान पीजी कॉलेज में प्रो. ओमप्रकाश सोनी को केंद्र व्यवस्थापक, बीडीओ फखरपुर को स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा एसडीएम पयागपुर को सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। महाराज सिंह इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य प्रकाश गुप्ता केंद्र व्यवस्थापक, बीडीओ चित्तौरा स्टेटिक मजिस्ट्रेट और एसडीएम कैसरगंज सेक्टर मजिस्ट्रेट होंगे। महिला पीजी कॉलेज में प्राचार्य प्रो. प्रिया मुखर्जी केंद्र व्यवस्थापक, बीडीओ तेजवापुर स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा एसडीएम न्यायिक कैसरगंज सेक्टर मजिस्ट्रेट होंगे।
इसी प्रकार राजकीय इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य नागेंद्र कुमार को केंद्र व्यवस्थापक, बीडीओ रिसिया को स्टेटिक मजिस्ट्रेट और एसडीएम महसी को सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाया गया है। वहीं राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्या मधु यादव केंद्र व्यवस्थापक, बीडीओ पयागपुर स्टेटिक मजिस्ट्रेट और एसडीएम नानपारा सेक्टर मजिस्ट्रेट होंगे।