बहराइच। नाबार्ड की ओर से शुक्रवार को सराय मेहराबाद में 34वां स्थापना दिवस मनाया गया।
इसमें लोगों को बैंकिंग सेवा जुड़े कार्यक्रम व योजनाओं की जानकारी दी गई। रामीणों से वित्तीय साक्षर बनने की अपील भी की गई।
इलाहाबाद बैंक के मंडलीय प्रमुख अमित कुमार श्रीवास्तव ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि वित्तीय साक्षरता के माध्यम से बैंकों के बारे में व्याप्त भ्रांतियां दूर हो सकती हैं।
कहा कि किसानों एवं महिलाओं को बैंकिंग उत्पादों तथा सेवाओं की समुचित जानकारी नहीं होती है, जिसके कारण उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अभाव में लोग ठगे जाते हैं। उन्होंने ग्रामीणों को वित्तीय तौर पर साक्षर होने का आह्वान किया।
इस मौके पर डीडीएम नाबार्ड राजेश कुमार सिंह ने जिले में संचालित कार्यक्रमों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
कहा कि देश का शीर्षस्थ बैंक होने के नाते नाबार्ड, बाढ़ नियंत्रण, सड़क, पुल, सिंचाई, शिक्षा, पशु चिकित्सालय आदि के क्षेत्र में राज्य सरकार को वित्तीय सहायता उपलब्ध करा रहा है। जिससे ग्रामीणों को लाभ पहुंच रहा है।
क्षेत्रीय प्रबंधक इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक आशीष कुमार श्रीवास्तव ने बैंक द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, भारत सरकार की फ्लैगशिप कार्यक्रमों जैसे प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं अटल पेंशन योजना पर प्रकाश डाला।
अपील की कि इन योजनाओं का भरपूर लाभ उठायें। साक्षरता कार्यक्रम को रोचक बनाने के लिए मैजिक शो का भी सहारा लिया गया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गयी।
संचालन पंचशील डेवलपमेंट ट्रस्ट के ध्रुव कुमार ने किया। इस मौके पर एलडीएम श्रवण कुमार, ग्रामीण बैंक के केपी शुक्ला, एसएन सिंह, आरके श्रीवास्तव, नकछेद प्रसाद, जगतराम, रवींद्र अवस्थी एवं सुरेंद्र विक्रम सिंह समेत तमाम लोग थे।