बहराइच। पंचायत चुनाव की बढ़ती सरगर्मी को देखते हुए गोरखपुर जोन के आईजी पीसी मीना ने गुरुवार को पुलिस लाइंस सभागार में पुलिस अफसरों के साथ बैठक की। आईजी ने सतर्कता बरते हुए सीमा पर कड़ी चौकसी के निर्देश दिए।
गोरखपुर जोन के पुलिस महानिरीक्षक पीसी मीना गुरुवार को बहराइच पहुंचे। आईजी ने पुलिस लाइंस सभागार में जिलाधिकारी अभय व पुलिस अधीक्षक एसआर वर्मा के साथ जिले के सभी एएसपी, सीओ, निरीक्षक व एसओ की बैठक की।
आईजी ने कहा कि पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में ग्राम प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्य पद के चुनाव होने हैं। यह काफी संजीदा चुनाव होगा। इसके लिए पुलिस अधिकारी गंभीरता से हर बिंदु पर मंथन कर लें।
किसी भी तरह की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आईजी ने कहा कि चुनाव में अवैध शराब के प्रयोग की आशंका है। इसको देखते हुए नेपाल सीमा से सटे इलाकों में कड़ी चौकसी बरती जाए।
साथ ही, मधेसी आंदोलन को देखते हुए भी सतर्कता बढ़ा दी जाए। आईजी ने डीएम व एसपी से जिले में होने वाले चुनाव की तैयारियों पर भी चर्चा की।
बैठक में एएसपी नगर दिनेश त्रिपाठी, एएसपी ग्रामीण डॉ. एबी पांडेय, सीओ सिटी अनूप कुमार, रिसिया के आनंदवीर सिंह, अजय भदौरिया आदि मौजूद रहे।