शिवपुर (बहराइच)। शिवपुर विकास खंड की ग्राम पंचायत रायगंज में फर्जी मस्टर रोल से सरकारी धन के बंदरबांट का आरोप लगा था। तालाब खोदाई में जेसीबी के प्रयोग का भी आरोप ग्रामीणों ने लगाया था। ग्रामीणों के आरोप को अमर उजाला के 17 जून के अंक में फर्जी मस्टर रोल व जेसीबी से तालाब खोदाई का आरोप शीर्षक से खबर का प्रकाशन किया गया था।
इसका संज्ञान लेकर बृहस्पतिवार को बीडीओ अनुष्का श्रीवास्तव ने स्थलीय निरीक्षण किया और दो कार्यों को शून्य घोषित कर दिया। खंड विकास अधिकारी अनुष्का श्रीवास्तव ने बताया कि ग्राम पंचायत रायगंज में जारी मनरेगा कार्य की जांच के दौरान किसी भी तालाब में जेसीबी चलती नहीं मिली है।
तालाब खोदाई कार्य की गुणवत्ता बहुत खराब मिली है। इस पर कार्य को शून्य कर दिया गया है। वहीं नाला खोदाई कार्य के निरीक्षण में ऑनलाइन तो 60 मजदूर दर्ज मिले लेकिन मौके पर सिर्फ 12 श्रमिक ही कार्य करते मिले। इस पर इस कार्य को भी शून्य कर दिया गया है।