इंडियन बैंक खजुरी में जांच करते थाना प्रभारी दीपक सिंह।
पयागपुर। ग्राम पंचायत पैड़ी और सेवढ़ा के बीच खड़ंजा मार्ग पर मंगलवार सुबह बाइक सवार बदमाशों ने असलहे के बल पर बीसी संचालक से 2.53 लाख रुपये लूट लिए। पीड़ित से मिली सूचना के बाद पुलिस ने छानबीन शुरू की है। सीसीटीवी कैमरे खंगालते हुए मामले की जांच की जा रही है।
शिवदहा गांव निवासी अयोध्या प्रसाद शुक्ला खुटेहना-गिलौला मार्ग स्थित मसड़ी चौराहे पर इंडियन बैंक के बीसी केंद्र का संचालन करते हैं। उन्होंने बताया कि वह मंगलवार सुबह 10 बजे अपने घर से 1.53 लाख रुपये लेकर निकले थे। इसके बाद उन्होंने इंडियन बैंक की खजुरी शाखा पहुंचकर एक लाख रुपये की निकासी की। वह 2.53 लाख रुपये लेकर अपने बीसी सेंटर जा रहे थे। ग्राम पंचायत पैड़ी और सेवढ़ा के बीच खड़ंजा मार्ग पर एक बाइक पर सवार दो नकाबपोश व एक अन्य युवक उनका पीछा करते हुए आए और उन्हें रुकने का इशारा किया।
जब उन्होंने बाइक नहीं रोकी तो बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया। इसके बाद उनकी कनपटी पर तमंचा रख रुपयों वाला बैग उनसे छीन लिया। इसके बाद तीनों बदमाश भाग गए। पीड़ित की सूचना पर पुलिस ने खजुरी स्थित इंडियन बैंक पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों की जांच करने के साथ ही बैंक कर्मियों से पूछताछ की। थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने शीघ्र ही घटना के खुलासे का आश्वासन दिया है। एसपी के निर्देश पर घटना के खुलासे के लिए एसओजी को भी जांच में लगाया गया है। इसके साथ ही पयागपुर के खुटेहना व मलावां चौकी प्रभारियों की भी एक टीम का गठन करते हुए उन्हें घटना के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए गए हैं।