बहराइच में रोडवेज पर एआरएम कार्यालय के बाहर धरना देते कर्मचारी।
बहराइच। जिला मुख्यालय स्थित रोडवेज बस अड्डे पर मंगलवार को उत्तर प्रदेश रोडवेज कर्मचारी संघ ने धरना-प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन नियमित परिचालक वैभव कुमार के निलंबन के विरोध में किया गया। कर्मचारियों ने एआरएम और आरएम को ज्ञापन सौंपकर निलंबन आदेश रद्द करने की मांग की।
संगठन के पदाधिकारी और कर्मचारी 25 जुलाई को जारी निलंबन आदेश के खिलाफ रोडवेज परिसर में एकत्र हुए। उन्होंने नारेबाजी करते हुए एआरएम पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाया। कर्मचारियों ने परिचालक की तत्काल बहाली की मांग की। परिचालक वैभव कुमार ने अधिकारियों को दिए प्रार्थना पत्र में घटना का विवरण दिया था। उन्होंने बताया कि 22 जुलाई को ड्यूटी के बाद कैश रूम बंद था। इस कारण उन्हें नकदी, ईटीएम मशीन और मार्ग पत्र घर ले जाना पड़ा।
परिचालक का आरोप है कि बंजारी मोड़ पर बैटरी रिक्शे से उतरते समय रिक्शा चालक उनका बैग लेकर भाग गया। इस बैग में ईटीएम मशीन, मार्ग पत्र, अन्य सरकारी दस्तावेज और करीब 6,500 रुपये की नकदी थी। उन्होंने घटना की सूचना तत्काल अधिकारियों को फोन पर दी और ऑनलाइन प्राथमिकी भी दर्ज कराई थी। इसके बावजूद 25 जुलाई को उन्हें निलंबित कर दिया गया। कर्मचारी नेताओं ने विभाग पर बिना समुचित जांच के एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाया है।