बहराइच। बारावफात का त्योहार आज जिले में मनाया जाएगा। हजरत पैगंबर की जयंती के अवसर पर लोग अपने घरों को रोशन करेंगे। आतिशबाजी भी की जाती है। हालांकि इस बार जुलूस नहीं निकाला जाएगा। सीरत कमेटी ने इस आशय का पत्र प्रशासन को दिया है।
शहर को झंडियों और बिजली की झालरों से सजाया गया है। वहीं प्रशासन द्वारा मजिस्ट्रेटों के साथ भारी संख्या में पुलिस फोर्स को तैनात किया जा रहा है। उधर, लोगों ने त्योहार के मद्देनजर बाजार में जमकर खरीदारी की।
बारावफात (ईद-मिलादुन्नबी) के मौके पर हर साल शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में जुलूस निकाले जाते थे। मगर कोरोना महामारी को देखते हुए जुलूस का आयोजन नहीं किए जाने का पत्र आयोजन समितियों ने दिया है। शहर के दरगाह शरीफ, बख्शीपुरा, बंजारीमोड़ और मुसाफिरखाना काजीपुरा से जुलूस निकलता था।
जुलूस न निकलने की सूचना से प्रशासन ने राहत की सांस ली है। हालांकि पुलिस को चप्पे-चप्पे पर मुस्तैद किया जा रहा है। एसपी डॉ. विपिन मिश्रा ने बताया कि चौक-चौराहों पर पुलिस मुस्तैद रहेगी। भारी संख्या में पुलिस बल लगाया जा रहा है।
बारावफात पर जिले के हुजूरपुर, नकदिलपुर, फखरपुर, नानपारा, नवाबगंज, रुपईडीहा, मिहींपुरवा, विशेश्वरगंज, कैसरगंज, खैरा बाजार व रिसिया आदि में अधिक विवाद की आशंका रहती है। इन सभी इलाकों में एसपी ने सतर्क नजर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। एसपी ने सभी सीओ व एसओ को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
बीते साल बारावफात के अवसर पर जुलूस निकलना था मगर एनआरसी को लेकर पूरे प्रदेश और देश में आंदोलन चल रहा था। इसी के मद्देनजर कमेटी द्वारा निर्णय लिया गया था कि इस बार जुलूस नहीं निकाला जाएगा। सीरत कमेटी के इस फैसले से लोगों के बीच आक्रोश भी पनपा था। हालांकि बाद में मामला शांत हो गया था।