बहराइच। बकरीद का त्यौहार शुक्रवार को पूरे बहराइच में शांति और सौहार्द के बीच मनाई गई। ईदगाह व मस्जिदों में देश, प्रदेश व समाज में अमन-चैन और सुख-समृद्धि की दुआ को हजारों हाथ एक साथ उठे। अकीदतमंदों ने नमाज पढ़ने के बाद गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी। फिर कुर्बानी और बधाई का सिलसिला जारी रहा।
बकरीद की नमाज अदा करने के लिए मुस्लिम समाज के लोग शुक्रवार को काफी उल्लसित रहे। सुबह शहर के मोहल्ला सलारगंज स्थित ईदगाह व दरगाह शरीफ ईदगाह में बच्चे से लेकर जवान और बुजुर्ग नमाजियों की भीड़ उमड़ी।
अकीदत के साथ लोगों ने नमाज पढ़ी। इसके अलावा दरगाह शरीफ की ईदगाह व शिया जामा मस्जिद में भी काफी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की। ईदगाह के मुख्य द्वार पर स्थापित टेंट में जिलाधिकारी अभय कुमार, पुलिस अधीक्षक एसआर वर्मा, एडीएम वीएस सिंह, नगर मजिस्ट्रेट बीएन पांडेय, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष हाजी रेहान आढ़ती, पुलिस उपाधीक्षक नगर अनूप कुमार ने लोगों के गले मिलकर उन्हें बकरीद की बधाई दी। नमाज खत्म होने के साथ ही कुर्बानियों का सिलसिला शुरू हुआ। इसमें भेंड़, बकरा, भैंस आदि मवेशियों की कुर्बानी दी गई।
बकरीद मुबारक के मौके पर घरों में विशेष पकवान बनाया। नमाज शुरू होने से लेकर शाम तक विभिन्न मस्जिदों व सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा। ग्रामीण अंचलों मेें भी पुलिस बल गश्त करता रहा। रिसिया ईदगाह में नमाज पढ़कर लोगों ने देश व प्रदेश के साथ जिले में अमन चैन की दुआ मांगी गई। इस मौके पर हाजी वसीम शेरवानी, मोहम्मद सफीक प्रमुख, हाजी महमूद, रईस खां, बब्बे भाई, इकबाल खां, अल्ताफ खां, सरोज सिंह, चेयरमैन राजेश निगम आदि मौजूद रहे।