कैसरगंज (बहराइच)। कैसरगंज के बैराकाजी और रेवली गांव में कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद क्षेत्र को हॉटस्पॉट बना दिया गया है। दोनों गांव के सभी रास्ते सील कर दिए गए हैं। डीएम ने मजिस्ट्रेट को तैनात करते हुए हॉटस्पॉट इलाके में नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं।
जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीज लगातार बढ़ते जा रहे हैं। मुंबई से आया कैसरगंज के बैराकाजी निवासी एक प्रवासी कामगार रविवार को कोरोना पॉजिटिव मिला था। वहीं रेवली गांव में दिल्ली से आई दो सगी बहनें भी संक्रमित पाई गई हैं। जिसके बाद प्रशासन ने दोनों इलाकों को हॉटस्पॉट घोषित कर दिया है।
जिलाधिकारी शंभु कुमार के निर्देश पर कैसरगंज के बैराकाजी और रेवली गांव को हॉटस्पॉट बना दिया गया है। इलाकों के सभी रास्तों को बैरिकेडिंग लगाकर सील कर दिया गया है। गांव में प्रशासन ने कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी है। डीएम ने एसडीएम कैसरगंज बाबूराम को मजिस्ट्रेट बनाया है।
दोनों इलाकों में स्वास्थ्य टीमों को लगा दिया गया है। सभी घरों के लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग कराई जा रही है। डीएम ने सभी घरों को सैनिटाइज कराने के साथ ही स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई कराने के निर्देश दिए हैं।